आगरा के थाना जगदीशपुरा क्षेत्र में बाइकर्स गैंग मंगलवार शाम 8 लाख रुपये के सोने के जेवर लूट ले गया। बिचपुरी-अटूस मार्ग पर तीन बदमाशों ने दुकान बंद कर बाइक से चचेरे भाई के साथ घर जा रहे सराफ नीरेश को निशाना बनाया। पीछे से आकर उनके पास से जेवर से भरा बैग छीन लिया। सराफ ने बदमाशों का 800 मीटर तक पीछा किया लेकिन पकड़ नहीं सके। पुलिस ने चेकिंग कराई मगर बदमाशों का पता नहीं चल सका।
घटना शाम करीब सवा छह बजे की है। गांव अटूस, सिकंदरा निवासी नीरेश की बिचपुरी में मां कैला ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। उन्होंने बताया कि वह दुकान बंद करने के बाद चचेरे भाई शिवम के साथ बाइक से घर जा रहे थे। उन्होंने 60 ग्राम सोने के जेवर से भरा बैग आगे की तरफ टांग रखा था, जिसमें जरूरी कागजात भी रखे हुए थे। वह सदरवन गांव के पास अंसल एपीआई से निकल रहे थे। तभी काले रंग की बाइक पर पीछे से तीन बदमाश आए। इनमें एक बदमाश ने उनकी छाती पर लटके बैग में अपना हाथ फंसा लिया। उन्होंने बैग नहीं छोड़ा।
इस पर पहले वाले बदमाश ने हाथ निकाल लिया लेकिन दूसरे बदमाश ने तेजी से हाथ लगाकर बैग को खींच लिया। इस वजह से बाइक सहित गिर गए। इसका फायदा उठाकर बदमाश बैग लेकर भाग गए। सराफ ने बताया कि बाइक से बदमाशों का पीछा किया। वह गांव अटूस की पुलिया तक गए लेकिन बदमाश रुनकता की तरफ तेजी से बाइक लेकर भागने में सफल रहे। उन्होंने परिजन को सूचना दी। नीरेश ने घटना की सूचना 112 नंबर पर देने का प्रयास किया लेकिन कॉल नहीं लग सका। इसके बाद रिश्तेदार गोपाल के मोबाइल से 112 पर कॉल किया। थाना जगदीशपुरा की फोर्स और एसीपी लोहामंडी आ गए। पुलिस ने रुनकता जाने वाले रास्ते पर चेकिंग कराई लेकिन कोई पकड़ा नहीं जा सका।
11 साल पहले भाई से लुटा था 1 किलोग्राम सोना
पीड़ित नीरेश तीन भाई हैं। बड़े भाई महेंद्र प्रताप सिंह बीएसएफ से रिटायर्ड हैं। दूसरे नंबर के नीरेश और छोटे श्रीभगवान की बिचपुरी में जेवर की दुकान है। छोटे भाई श्रीभगवान ने बताया कि 18 अप्रैल 2015 में उनके साथ भी लूट हुई थी। बदमाश उनसे एक किलोग्राम सोने के जेवर लूट ले गए थे। इस घटना के बाद पुलिस की कई टीम बनी थीं। पुलिस ने बदमाशों की पकड़ की थी। सोना भी बरामद किया था। एक बार फिर उनके भाई को निशाना बनाया गया।
आसपास नहीं थे सीसीटीवी फुटेज
जिस स्थान पर सराफ से बैग लूटने की घटना हुई, वहां पर कोई सीसीटीवी फुटेज नहीं था। 400 मीटर की दूरी पर एक पेट्रोल पंप है। इस पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। पुलिस ने कैमरों को खंगाला लेकिन बदमाश कैमरे में कैद नहीं हो सकी है। पुलिस को आशंका है कि बदमाशों ने रेकी के बाद घटना को अंजाम दिया है।
बाइक सवार तीन बदमाश सराफ से जेवर से भरा बैग छीनकर ले गए हैं। मामले में तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। आरोपियों की पकड़ के लिए तीन टीम लगाई हैं। सीसीटीवी कैमरों से भी बदमाशों की पहचान के प्रयास में लगे हैं।
-गौरव सिंह, एसीपी लोहामंडी
">http://