आगरा। थाना शाहगंज क्षेत्र में बाइक सवार बदमाश ने दिनदहाड़े झपट्टा मारकर शिक्षिका के गले से चेन तोड़ी और भाग गए। इससे शिक्षिका दहशत में आ गई। मामला सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुआ है। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही है।
शाहगंज के आनंदपुरम की पुष्पा शर्मा सरकारी शिक्षिका हैं। उनके बेटे सचिन दीक्षित ने बताया कि मां बुधवार दोपहर 2:30 बजे के करीब मौसी अनीता के साथ उनकी ननिहाल बालाजीपुरम क्षेत्र के जोरावर नगर जा रही थीं। रास्ते में चिरंजीत सेवा सदन के पास दोनों ऑटो से उतरे।
मां चालक को किराया दे रही थीं। इसी बीच पीछे से रुमाल से मुंह ढके बाइक सवार एक युवक आया और चेन लूटकर भाग गया। सूचना पर पुलिस पहुंची। सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखने पर आरोपी नजर आया है। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस की टीम आरोपी की तलाश कर रही है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।