आगरा में भगवान टाकीज और इसके आसपास से संचालित होने वाले मोटर चालित रिक्शाओं का चालान काटने के बाद उन्हें बंद कराया जाएगा। इस संबंध में गुरुवार को आगरा-मथुरा सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड के निदेशक मंडल की बैठक में मंडलायुक्त अनिल कुमार ने आदेश दिए।
कमिश्नरी सभागार में गुरुवार को हुई इस बैठक में आगरा-मथुरा सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज को लाभकारी बनाने पर जोर दिया। कहा कि इसके लिए उन्हें रूटवार चार्ट उपलब्ध कराया जाए। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने के लिए भूमि आवंटित कराए जाने एवं भगवान टाकीज पर यात्री शेल्टर बनाने के संबंध में मंथन हुआ। यात्री शेल्टर का स्थान निश्चित करने के लिए मंडलायुक्त ने एडीएम सिटी और एसपी ट्रैफिक को स्थलीय निरीक्षण का आदेश दिया है। सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज की 50 बसों में एक महीने के भीतर कैमरा, वीटीएस लगाने का काम हो जाएगा।
मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नगेंद्र प्रताप ने बताया कि मथुरा में संचालित सिटी बसों की लाइफ पूरी हो चुकी है। ऐसे में इनके स्थान पर नई बसों की व्यवस्था की जरूरत है। इस पर प्रबंध निदेशक आरबीएल शर्मा ने बताया कि इससे संबंधित प्रस्ताव पहले ही शासन को भेजा चुका है। सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज की आय बढ़ाने और महिलाओं की अधिक संख्या के दृष्टिगत बस संचालन की विशेष व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। बैठक में एडीएम सिटी केपी सिंह, एडीए सचिव हरीराम, आरटीओ प्रशासन डीके सिंह आदि मौजूद थे।