मां के हत्यारोपी को हर किसी से मिली दुत्कार
- जेल जाते समय खूब रोया, लोगों ने कहा इस अपराध कोई पश्चाताप नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
भोगांव (मैनपुरी)। जीटी रोड पर ईदगाह के पास मां की बेरहमी से ईंट से सिर कूंच कर हत्या करने वाले विजय को शुक्रवार को जेल भेजा गया। इस दौरान उसे हर किसी ने दुत्कारा। आरोपी जेल जाते समय बहुत रोया लेकिन ग्रामीणों का कहना था कि इस अपराध का कोई पश्चाताप नहीं है।
मोहल्ला जगत नगर निवासी विजय सिंह राठौर ने बृहस्पतिवार को अपनी मां से 5 हजार रुपये के लिए झगड़ा किया। जब मां विवाद खत्म करने के लिए ईदगाह के पास दूसरे घर की ओर गई तो आरोपी ने रास्ते में मां शकुंतला देवी को बेरहमी से ईंट से कूंच कर मां की हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी मां के शव के पास बैठ कर खूब रोया लेकिन जो गुनाह उसने किया। वह किसी भी सूरत में माफी के लायक नहीं है। शुक्रवार को पुलिस ने मां के हत्यारोपी विजय को चालान करने के बाद जेल भेजा। इस दौरान उसे जिसने भी देखा दुत्कारता नजर आया। ग्रामीणों का कहना था कि उसने जो अपराध किया है उसका कोई पश्चाताप नहीं है। जो जन्म देने वाली मां का न हुआ। उसके आंसू सिवाय दिखावा के कुछ नहीं हैं।
बीमार पति ने किया अंतिम संस्कार
पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को गमगीन माहौल के बीच शकुंतला देवी का अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार के समय जब कई दिनों से बीमार चल रहे पति लक्ष्मण सिंह से कहा गया तो उनकी आंखों से आंसू बहने लगे। डबडबाई आंखों से पत्नी को आखिरी बार देखने के बाद मुखाग्नि दी। घटना के बाद घर में मातम पसरा हुआ है और परिजन की चीख पुकार सुनाई दे रही है।