भारतीय सैनिकों के विरुद्घ अशोभनीय टिप्पणी से आहत पचोखरा निवासी एक सैनिक की मां पुष्पा परमार ने पूर्व मंत्री मोहम्मद आजम खां के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने को थाना पचोखरा में तहरीर दी है। सैनिक की मां का कहना है कि आजम खां ने हर भारतीय सैनिक और उसके परिजनों के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाने का काम किया है।
पंजाब के गुरुदासपुर में तैनात सैनिक लोकेंद्र सिंह परमार की मां पुष्पा परमार ने तहरीर में लिखा है कि एक तरफ देश की हिफाजत के लिए भारतीय सैनिक अपनी जान की बाजी लगा रहे हैं, तो दूसरी तरफ देश के मोहम्मद आजम खां जैसे नेता अपने बेतुके बयानों से सैनिकों व उनके परिजनों के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाने का काम कर रहे हैं।
आजम खां की बातों ने हर भारतीय सैनिक और सैनिकों के परिजनों को ठेस पहुंचाने का काम किया है। उन माताओं के दिल से पूछा जाए जो अपने सीने पर पत्थर रख कर कलेजे के टुकड़ों को देश की रक्षा के लिए बार्डर पर भेजती हैं। आजम खां जैसे नेताओं को पता चलना चाहिए कि अपनी औलाद को मरने के लिए भेजने के लिए कितना बड़ा दिल चाहिए। सैनिक की मां का कहना है कि बेतुका और अशोभनीय बयान के लिए आजम खां के खिलाफ ठोस कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
थानेदार प्रवेश कुमार का कहना है कि कार्रवाई यहां वांछित नहीं है। एक मामला कई स्थानों पर दर्ज नहीं हो सकता। इनकी तहरीर को संबंधित क्षेत्र में भेजा जाएगा। वहीं, सीओ प्रेम प्रकाश यादव का कहना है कि पीड़ित या आरोपी संबंधित क्षेत्र का हो तभी मामला दर्ज किया जा सकता है। मामले की जांच कर उनकी तहरीर को संबंधित क्षेत्र में भेज दिया जाएगा।