यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार देर शाम बड़कोट में जीप के खाई में गिरने से आगरा की निवासी युवती की मौत की खबर अब तक मां को नहीं दी गई है। युवती के पिता का कहना है कि उत्तराखंड से शनिवार शाम को शव लेकर उनका बेटा राहुल घर के लिए चल दिया है। अभी पत्नी को यही बताया है कि बेटी हादसे में घायल है।
बता दें कि आगरा के सेक्टर 16, आवास विकास कालोनी, सिकंदरा निवासी मुकेश शर्मा ठेकेदार हैं। उन्होंने बताया कि बेटी गौरी 19 जून को मथुरा निवासी अपने दोस्त दीपक, राहुल, पायल, विनय और पंकज के साथ हरिद्वार और ऋषिकेश गई थी। उन्होंने गौरी को बस में मथुरा के लिए बैठा दिया था। सभी मथुरा से खुली जीप से गए थे।
20 जून को उसने फोन पर राफ्टिंग करने की जानकारी दी थी। 22 जून को बताया था कि वह गंगोत्री में है और यमुनोत्री जाने की तैयारी कर रही थी। इसके बाद बात नहीं हुई। शुक्रवार रात को गौरी की मौत की खबर उसके दिल्ली में रहने वाले भाई राहुल के पास आई। इसके बाद वह तीन दोस्तों के साथ रवाना हुए।
बता दें, शुक्रवार देर शाम उत्तराखंड के बड़कोट के पास गौरी और उसके दोस्तों की जीप खाई में गिर गई थी। हादसे में राहुल (30) और दीपक (28) निवासी मथुरा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गौरी शर्मा (21) को बड़कोट सीएचसी में मृत घोषित किया गया। घायलों में पायल शर्मा (18), विजय गौतम (25) पुत्र रघुनाथ गौतम, पंकज (24) पुत्र डोरी लाल सैनी निवासी मथुरा हैं।
पिता मुकेश ने बताया कि बेटी सेंट जोंस कालेज से बीकॉम कर रही थी। वह छठवीं कक्षा से ही एंकरिंग करने लगी थी। उसने कई शो में भाग लिया थी। सितंबर में एक बड़े कार्यक्रम में उसने एंकरिंग करनी थी। इसमें बड़े अधिकारी से लेकर मंत्री तक आने वाले थे। गौरी टीवी एंकर बनना चाहती थी। उसकी मौत की जानकारी मां को नहीं दी है। उन्हें यही बताया गया है कि वह हादसे में घायल हो गई है।