शादी के बाद साड़ियों पर सास का 'कब्जा'
जानकारी के अनुसार, आगरा के अछनेरा की रहने वाली पीड़िता की शादी इसी वर्ष 3 फरवरी को मथुरा निवासी एक युवक के साथ बड़े धूमधाम से हुई थी। शादी के बाद जब बहू अपनी ससुराल पहुंची, तो कुछ ही दिनों में विवाद शुरू हो गया। पीड़िता का आरोप है कि उसकी सास की नजर उसकी नई, महंगी और डिजाइनर साड़ियों पर थी। सास जबरन बहू की कीमती साड़ियां खुद पहन लेती थी और उसके विरोध करने पर बहू को अपने पुराने व फटे-पुराने कपड़े पहनने के लिए विवश करती थी।
विरोध करने पर मारपीट, अवसाद में गई बहू
जब बहू ने सास की इस अजीबोगरीब हरकत और प्रताड़ना का विरोध किया, तो बात सिर्फ बहस तक सीमित नहीं रही। आरोप है कि ससुराल वालों ने एकजुट होकर बहू के साथ बेरहमी से मारपीट की। शादी के शुरुआती महीनों में ही मिले इस शारीरिक और मानसिक टॉर्चर से आहत होकर नवविवाहिता गहरे अवसाद (डिप्रेशन) में चली गई।
समझौते के प्रयास विफल, कोर्ट के आदेश की भी अवहेलना
मामला बढ़ने पर इसे परिवार परामर्श केंद्र भेजा गया, जहां दोनों पक्षों के बीच सुलह कराने की तमाम कोशिशें की गईं, लेकिन सास के अड़ियल रवैये के कारण समझौते के प्रयास पूरी तरह विफल रहे। आखिरकार मामला अदालत पहुंच गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि कोर्ट ने जब बहू का सामान और साड़ियां वापस करने का आदेश दिया, तो ससुराल वालों ने उसकी सभी कीमती साड़ियां गायब कर दीं और कोर्ट के सामने केवल खराब व फटे-पुराने कपड़े ही लाकर रख दिए।
मात्र साड़ियों के विवाद से शुरू हुआ यह मनमुटाव अब इस हद तक बढ़ चुका है कि दोनों पक्ष कानूनी रूप से हमेशा के लिए एक-दूसरे से अलग होने की राह पर चल पड़े हैं।