कासगंज। शहर के रोडवेज बस स्टैंड के पास से सास व दो बहुओं के मंगलसूत्र टप्पेबाज उतरवाकर ले गए। मामले की तहरीर पुलिस को दी गई है। पुलिस ने टप्पेबाजों की तलाश शुरू कर दी है।
गाजियाबाद निवासी सुनीता पत्नी हरकिशन अपनी पुत्रबधु समीक्षा पत्नी राहुल व गौरी पत्नी गौरव के साथ उनके मायके दौकेली में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आईं थीं। रविवार को दोपहर के समय तीनों महिलाएं अपने घर लौटने के लिए पैदल ही रोडवेज बस स्टैंड की ओर जा रहीं थीं। वह स्टैंड से जब कुछ दूर पहले रह गईं तभी एक टप्पेबाज युवक मिल गया। उसने महिलाओं को आगे चेकिंग का बहाना कर उनके गले में पड़े मंगलसूत्र का उतरवा लिया। इसके लिए उसने एक लिफाफा दिया जिसमें उनके मंगलसूत्र रखवा दिए। उसने बहाने से लिफाफा लेकर बदल दिया।
जब महिलाएं बस स्टैंड पहुंची ओर अपना लिफाफा चेक किया तो उसमें मंगलसूत्र गायब मिले। यह देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने चीख पुकार मचा दी, जिससे लोग एकत्रित हो गए। मामले की जानकारी बस स्टैंड पुलिस चौकी को दी। चौकी पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे चेक किए। इंस्पेक्टर क्राइम ने बताया कि मामले की तहरीर मिल गई है जांच की जा रही है।