मैनपुरी। शारदीय नवरात्र के समापन के बाद मंगलवार को जिलेभर में माता दुर्गा की विसर्जन यात्राएं निकाली गईं। इस दौरान जमकर रंग और गुलाल की होली खेली गई। माता के भक्त माता के मंगल गीतों पर नाचते गाते विसर्जन यात्रा में शामिल हुए।
नगर के मोहल्ला राजा का बाग, देवी रोड, आवास विकास, स्टेशन रोड, करहल रोड आदि स्थानों पर स्थापित की गईं माता की मूर्तियां विसर्जित की गईं। इस दौरान शोभायात्रा में माता के भजनों पर लोग खूब थिरक रहे थे। माता की प्रतिमाओं का नगर की प्रमुख नहरों में विसर्जन किया गया।
भोगांव में मां दुर्गा की यात्रा में लगे जयकारे
भोगांव में सोमवार रात नगर में श्रीदेवी मेला के द्वारा मां दुर्गा शोभायात्रा धूमधाम के साथ निकाली गई। पीपल मंडी पहुंचने पर उपजिलाधिकारी पीसी आर्य व क्षेत्राधिकारी प्रयांक जैन ने मां दुर्गा की आरती उतारी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री ने कथा पंडाल में मां को चुनरी ओढ़ाकर व आरती कर पूजा अर्चना की।
शोभायात्रा पुरानी आलू मंडी, नरसिंह मंदिर, पुलिया वाली मस्जिद, सब्जी मंडी चौराह, जामा मस्जिद, जैन मंदिर, पीपल मंडी, थाना कोतवाली, गिहार कालोनी होते हुए घंटाघर पहुंचकर समाप्त हुई। इस दौरान डॉ. मनेाज दीक्षित, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष उपमा दीक्षित, समिति के अध्यक्ष आशाराम, महासचिव कमलेश श्रीवास्तव आदि लोग मौजूद रहे।
घिरोर में किया गया हवन-पूजन
घिरोर में मंगलवार को दशहरे के अवसर पर जगह-जगह भंडारे हुए। प्राचीन मातारानी पर माता मंदिर का स्थापना दिवस मनाया गया। स्थापना दिवस के अवसर पर पंडित जयदेव दीक्षित ने हवन पूजन कराया। इस दौरान संजय गुप्ता, नागेंद्र जैन आदि लोग मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त प्राथमिक विद्यालय घिरोर, ओपी गार्डन, करहल रोड आदि स्थानों पर भी भंडारे का आयोजन हुआ।