मथुरा में सील किए गए मेवाती मोहल्ले में रविवार की सुबह गर्भवती महिला के परिजन मदद की गुहार लगाते रहे। उसकी गुहार न पुलिसकर्मियों ने सुनी न चिकित्सकों ने। सोमवार को आगरा के अस्पताल में बच्चा और जच्चा की मौत हो गई।
मामला वार्ड संख्या 38 के मेवाती मोहल्ले का है। यह इलाका सील किया गया है। यहां के रहने वाले मजदूर लाला की 26 वर्षीय पत्नी परवाना गर्भवती थी। रविवार सुबह करीब छह बजे उसे दर्द शुरू हुआ।
पति हॉटस्पॉट की गली पर तैनात पुलिसकर्मियों से इलाज के लिए जाने देने की गुहार कर ही रहा था कि पत्नी की हालत और बिगड़ गई और उसे रक्तस्राव हो गया। काफी चीख-पुकार के बाद भी पुलिस ने चिकित्सकीय सुविधा मुहैया नहीं कराई, जिसके चलते उसकी हालत और खराब होती गई।
किसी प्रकार से स्थानीय संभ्रांतजनों की मदद से लाला निजी रिक्शा (ढकेल) पर लिटाकर महिला को जिला अस्पताल ले गया। जहां पर मौजूद चिकित्सकों ने उसे भर्ती करने से मना कर दिया और आगरा रेफर कर दिया।