बाह: गैस सिलिंडर की आग से झुलसा खेतलीपुरा का सतीश
बाह। रोटियां सेंकते समय रेगुलेटर से पाइप निकल जाने से रसोई गैस सिलिंडर में आग लग गई। हादसे में एक युवक गंभीररूप से झुलस गया। उसे बचाने में मां के भी हाथ झुलस गए।
बाह के खेतलीपुरा गांव निवासी सतीश की पत्नी प्रेमवती दिव्यांग है। इसके कारण रविवार की रात वह रोटियां सेक रहा था। तभी रेगुलेटर से चूल्हे का पाइप निकल गया। जिससे सिलिंडर में आग लग गई। आग की लपटों में घिरे सतीश को देख दिव्यांग पत्नी की चीखें निकल गईं, लेकिन वह कुछ कर न सकी। चीखों के बीच पहुंची मां शिव देवी ने आग में फंसे बेटे को देख सूझबूझ दिखाते हुए सिलिंडर को खींचा और रसोई से बाहर निकाला। इस दौरान उसके दोनों हाथ झुलस गए।
अपनी पीड़ा भूल शिव देवी ने कपड़ा आदि डालकर सतीश के कपड़ों में लगी आग को बुझाया और उसे इलाज के लिए बाह सीएचसी पर ले पहुंची। 65 फीसदी झुलसे सतीश को प्राथमिक उपचार के बाद बाह सीएचसी से एसएन मेडीकल कॉलेज आगरा भेज दिया गया।