आगरा के थाना एत्माद्दौला क्षेत्र के गौतम नगर से बुधवार रात को पुलिस ने दो बहनों बबीता और मोनिका को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना हैं कि दोनों सट्टा कराती हैं। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। बाद में थाने से जमानत भी दे दी गई। वहीं उनकी मां वीरमति को 600 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया गया। वह चरस की पुड़िया बनाकर बिक्री करती है। उसे जेल भेजा गया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार त्यागी ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि गौतम नगर निवासी बबीता और उसकी छोटी बहन मोनिका सट्टे की खाईबाड़ी करती हैं। इस पर रामबाग चौकी के प्रभारी उमर मोहम्मद ने पुलिस के साथ दबिश दी। बबिता और मोनिका को सट्टे की पर्चियों के साथ पकड़ लिया। उनके पास से डायरी, पेन भी बरामद हुए। डायरी में हिसाब किताब लिखा है।
थाने से बेटियों को दी जमानत
वहीं पर्चियों में सट्टे के नंबर लिखे हैं। उनके खिलाफ एसआई शैलेंद्र सिंह ने जुआ अधिनियम में मुकदमा दर्ज कराया। उनको थाने से जमानत दी गई। वहीं उनकी मां वीरमति फरार हो गई थीं। पुलिस ने पीछा करके एक शराब के ठेके के पास से वीरमति को पकड़ लिया। उनके पास से 600 ग्राम चरस बरामद की गई। उनके खिलाफ एसआई उमर मोहम्मद ने मुकदमा दर्ज कराया।
तीन मंजिला मकान बनाया
पुलिस की पूछताछ में बबीता और मोनिका ने बताया कि वह तकरीबन पांच साल से यही काम कर रही है। मगर, पुलिस आज तक उन्हें नहीं पकड़ सकी थी। आरोपी मां-बेटियों का गौतम नगर में तीन मंजिला मकान है। उसमें बड़ी एलईडी लगी है। घर के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। पुलिस के आने पर भाग जाते हैं। पर्चियों को छिपा देते हैं। दोनों बहनों का पिता राजेंद्र फरार हो गया। वह अपनी बेटियों और पत्नी से यह काम करवाता है।