आगरा। माैसम में बदलाव से घरों में मच्छर बढ़ गए हैं। इसके कारण डेंगू के मरीज भी बढ़े हैं। स्वास्थ्य विभाग की जांच में डेंगू के 20 नए मरीज मिले हैं। इनमें से सात बच्चे हैं। सभी का घर पर ही इलाज चल रहा है।
सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि घर के मुकाबले बाहर का तापमान कम है। ठंड से बचने के लिए मच्छर घरों में पर्दे, सोफा, और अलमारियों में छिप रहे हैं। मच्छर बढ़ने से मरीजों की संख्या बढ़ रही है। बीते दो सप्ताह में बुखार-जुकाम-खांसी के करीब 450 मरीजों की जांच हुई इसमें 20 में डेंगू की पुष्टि हुई है। सभी के घर टीम भेज करके एंटी लार्वा का छिड़काव कराया गया। अभी महीने भर तक डेंगू का अधिक खतरा है।
जिला मलेरिया अधिकारी राजेश गुप्ता ने बताया कि डेंगू के अब कुल 84 और मलेरिया के 24 मरीज मिल चुके हैं। मरीज के घर के अलावा आसपास में भी सर्वे कराया है। इनमें 37 के घरों में पानी के ड्रम, खुली टंकी में डेंगू का लार्वा मिला है। इसको नष्ट कराते हुए लोगों को जागरूक भी किया गया।
-
इन बातों का रखें ध्यान
- कूलर की टंकी से पानी खाली कर दें।
- बाथरूम में पानी ढककर रखें, टंकी का ढक्कन बंद रखें ।
- बच्चों को पूरी आस्तीन के कपड़े पहनाकर स्कूल भेजें।
- घर में साफ सफाई रखें, मच्छर रोधी संसाधन अपनाएं।
- आसपास जलभराव न होने दें, उसमें केरोसिन या जला हुआ माेबिल ऑयल डालें।