ताजनगरी में सर्दी कहर बरपा रही है। शनिवार को भी सर्दी से दो बुजुर्ग महिलाओं की मौत हो गई। बाह के मंगदपुर और सैंया के जाजऊ में सुबह दोनों मृत अवस्था मिलीं। शनिवार सुबह घना कोहरा छाया रहा और दृश्यता शून्य रही, हालांकि दोपहर में धूप खिलने के बाद सर्दी से ठिठुर रहे लोगों को काफी राहत मिली। मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक, अगले दो दिनों में सुबह कोहरा छाया रहेगा, वहीं न्यूनतम तापमान में कमी बरकरार रहेगी। सुबह की गलन भरी ठंड जारी रहेगी, वहीं दिन में गुनगुनी धूप कुछ राहत दे सकती है।
शनिवार को सुबह दृश्यता शून्य रही। सुबह 9:45 बजे के बाद धूप खुली तो लोगों को राहत मिली। पारा भी चढ़ा। अधिकतम तापमान 21.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो शुक्रवार से तीन डिग्री ऊपर रहा, वहीं न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस पर रहा, जो शुक्रवार से दो डिग्री ऊपर दर्ज किया गया।
घने कोहरे से ट्रेनें लेट, यात्री परेशान
शनिवार को घने कोहरे के कारण आगरा छावनी और फोर्ट से गुजरने वाली ट्रेन देरी से चलीं। दैनिक यात्रियों को सबसे ज्यादा मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। राजधानी, संपर्क क्रांति, ताज एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें लेट चलीं। महाकौशल, पंजाब मेल, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस समेत सुबह की ट्रेन लेट चलीं, क्योंकि घना कोहरा होने के कारण लोको पायलट को 20 मीटर भी देखना मुश्किल हो रहा था। इतना ही नहीं, आगरा फोर्ट और छावनी के साथ टूंडला से गुजरने वाली हावड़ा, दिल्ली ट्रैक की ट्रेनें पांच से सात घंटे देरी से चलीं। इनमें नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस, सियालदाह एक्सप्रेस शामिल हैं।
ये ट्रेन चलीं घंटों लेट
गोंडवाना एक्सप्रेस 1.45 घंटे
महाकौशल एक्सप्रेस 1.52 घंटे
तेलंगाना एक्सप्रेस 1.10 घंटे
अंडमान एक्सप्रेस 4.15 घंटे
जी टी एक्सप्रेस 1.50 घंटे
मालवा एक्सप्रेस 1.08 घंटे
तूफान एक्सप्रेस 6.10 घंटे
मरूधर एक्सप्रेस 45 मिनट
सियालदाह एक्सप्रेस 6.15 घंटे
ठंड से दो वृद्ध महिलाओं की मौत
शनिवार को ठंड से दो वृद्ध महिलाओं की मौत हो गई। वाटरवर्क्स आगरा निवासी रामरती (70) पत्नी तकलीराम अपनी पुत्री मुन्नी देवी पत्नी गीताराम के घर पर मंगदपुर बाह में रहती थीं। परिवारीजनों ने बताया कि रामरती रात को छप्पर के नीचे चारपाई पर सोई थीं। सुबह उनका शव मिला। उनकी ठंड से मौत हो गई। वहीं, सैंया के ग्राम जाजऊ में घर के बाहर बरामदे में सो रही विमला देवी (62) सुबह मृत अवस्था में मिलीं। परिवारीजनों ने इससी सूचना तहसीलदार खेरागढ़ को दी। तहसीलदार ने बताया कि लेखपाल को मौके पर भेजकर जानकारी की जाएगी।