कासगंज। जिले में छह लाख से अधिक दुधारू पशुओं को एफएमडी (खुरपका-मुंहपका) का टीका लगाया जाएगा। पशु चिकित्सा विभाग 20 जुलाई से टीकाकरण अभियान शुरू करेगा। अभियान में 14 टीमें पशुओं का टीकाकरण करेंगी।
खुरपका-मुंहपका रोग गाय-भैंस, भेड़, बकरी, सुअर आदि जानवरों में फैलता है। बारिश के दिनों में इस रोग के फैलने का खतरा रहता है। जिले के पटियाली क्षेत्र में एक सप्ताह पहले पशुओं में इस रोग के मामले सामने भी आ चुके हैं। जिले में 607350 दुधारू पशुओं को टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया है। पशु चिकित्सा विभाग को इसके लिए 6,07,402 वैक्सीन मिली हैं। विभाग 20 जुलाई से गाय व भैंस को टीके लगाने का अभियान शुरू करेगा। जिले के प्रत्येक विकास क्षेत्र में दो टीमें लगाई जाएंगी।