रविवार को 32496 देसी-विदेशी पर्यटकों ने ताजमहल का दीदार किया। सुबह से शाम तक दोनों गेटों पर प्रवेश के लिए कतारें लगी रहीं। दोपहर को मुख्य गुंबद पर भी कब्र देखने वाले पर्यटकों के बीच टिकट लेने के लिए धक्कामुक्की हुई। स्मारकों पर भी कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए उचित शारीरिक दूरी तार-तार होती रही।
ताजमहल पर सुबह सात बजे से पर्यटकों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था, जोकि सूर्यास्त तक जारी रहा। दोपहर को पूर्वी गेट पर टिकट विंडो पर लंबी कतारें लग गईं। वाईफाई के धीमा होने के कारण भी पर्यटकों को प्रवेश के लिए इंतजार करना पड़ा।
कब्रें देखने के लिए लगीं कतार
इसके बाद मुख्य गुंबद पर कब्रों का दीदार करने के लिए भी कतारें लगानी पड़ीं। मुख्य प्रवेश द्वारों पर भी स्कैनिंग में दिक्कतें आ रही थीं। भीड़ का दबाव बढ़ने पर सीआईएसएफ के साथ पर्यटन पुलिस और एएसआई के कर्मचारियों को मशक्कत करनी पड़ी।