आगरा के मून स्कूल ओलंपिक का नाम लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हो सकता है। आयोजन समिति ने लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के प्रबंधन को पत्र लिखा है कि स्कूली खेल प्रतियोगिताएं आयोजित कराने में पूरे देश में मून स्कूल ओलंपिक पहले स्थान पर है। इस बार आयोजित होने वाले ओलंपिक में सीबीएसई, आईसीएसई और यूपी बोर्ड के आगरा जिला के 12000 स्कूली बच्चे प्रतिभाग करने जा रहे हैं।
उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ के संयुक्त सचिव राहुल पालीवाल ने बताया कि सत्र 2018 के स्कूल ओलंपिक में खिलाड़ियों के लिए 1200 मेडल्स, सात चैंपियनशिप ट्रॉफियां और छह ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफियां दी जाएंगी। ओलंपिक में लगभग तीन सौ स्कूलों के बच्चे प्रतिभाग करेंगे।
सभी तरह के साक्ष्य भी भेजे जा चुके हैं। ओलंपिक शुरू होने पर लिमका बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की टीम आगरा भी आएगी। ओलंपिक में 19 खेलों की प्रतियोगिताएं होंगी। तीरंदाजी डेमोंस्ट्रेशन गेम के रूप में शामिल किया गया है। ओलंपिक के आयोजन सचिव उमेश शर्मा का कहना है कि यह ताजनगरी के लिए गौरव की बात होगी।
मून स्कूल ओलंपिक के चीफ कॉर्डिनेटर केएम कौशिक ने कहा कि हमारा अधिकार है कि देश में जिला स्तर पर होने वाले इतना बड़ा आयोजन देश के लोगों की नजर में आए। यह 350 ऑफिशियल्स की देखरेख में होगा। यह आगरा के लिए बड़ी उपलब्धि है।