तीर्थनगरी वृंदावन में बंदरों के उत्पात से हर कोई परेशान है। चश्मा ले जाने वाले बंदर अब महिलाओं के पर्स और बैग को भी छीनकर भाग रहे हैं। ऐसा ही एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वृंदावन में बंदर द्वारा नोटों की बारिश की जा रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह घटना गुरुवार की है।
दिल्ली निवासी एक महिला परिवार के साथ ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर के दर्शन के लिए आई थी। जब वह मंदिर के समीप पहुंची थी, तभी उसके कंधे पर लटके पर्स को बंदर ले गया और एक दुकान की दीवार पर जाकर बैठ गया। जब तक लोग कुछ समझ पाते बंदर ने पर्स में रखे नोटों को फेंकना शुरू कर दिया।
बंदर ने पर्स में रखे नोटों को निकालकर फेंका
बंदर को नोट फेंकते देख कुछ ही देर में वहां लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। परिवार के लोग बंदर द्वारा फेंके जा रहे नोटों को लपकने के लिए नीचे खड़े हो गए। इस दौरान कुछ लोग दस रुपये वाली फ्रूटी लेकर आए और बंदर को देकर पर्स छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन तीन बार फ्रूटी देने के बाद भी बंदर नहीं माना और फ्रूटी का पाउच फेंक दिया।