आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में रहने वाले मेडिकल छात्र पर बंदरों न हमला बोल दिया। इससे हड़बड़ाया छात्र दूसरी मंजिल से गिर पड़ा। छात्र के सिर, चेहरे, पैर और पेट में अंदरूनी चोटें आई हैं।
घायल छात्र का आइसीयू में इलाज चल रहा है। हालत गंभीर बनी हुई है। हादसा रविवार को करीब साढ़े नौ बजे सुभाष पार्क के पास स्थित जीवी पंत हास्टल का है।
बैच 2017 का अजीत यादव निवासी फर्रुखाबाद हॉस्टल की दूसरी मंजिल पर कमरा नंबर 79 में रहता है। सुबह वो कमरे के बाहर गैलरी में ब्रश कर रहा था। इसी वक्त हास्टल में बंदरों को भगाने के लिए रखा गया लंगूर आया।
बंदरों ने मारा झपट्टा
इसे देख बंदर भाग खड़े हुए और गैलरी में मंजन कर रहे अजीत पर झपट्टा मार दिया। इससे हड़बड़ाया अजीत बचने के लिए पीछे हटा तो वो धड़ाम से नीचे आ गिरा।
आवाज सुनकर मेस के कर्मचारी और छात्र बाहर आए तो देखा कि अजीत जमीन पर पड़ा तड़प रहा था। सिर से खून बह रहा। तत्काल छात्र घायल को इमरजेंसी लेकर पहुंचे। सीटी-स्कैन, एक्सरे समेत अन्य जांच भी कराई गई।
छात्र के सिर, चेहरे की हड्डी, पैर, हाथ और फेफड़ों में चोट आई। हालत गंभीर होने पर छात्र को आईसीयू में भर्ती कर दिया गया है। घायल छात्र के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
टूटी हुई है हॉस्टल की रेलिंग
छात्र का इलाज करने वाले डॉ. आलोक गुप्ता का कहना है कि छात्र के गंभीर चोटें आई हैं। अभी छात्र पूरी तरह से होश में नहीं है। चेहरे की हड्डियां टूट गई हैं। दिमाग में गुम चोटें भी आई हैं।
एसएन का पंत हॉस्टल की रेलिंग अगर टूटी हुई नहीं होती तो हादसा बच जाता। छात्र जिस गैलरी में खड़ा था, उसकी रेलिंग टूटी हुई है। इसके चलते बचाव में पीछे हटने पर वह सीधे नीचे आ गिरा।
इससे पहले 2008 बैच के मनीष कुमार पर भी बंदरों ने हमला बोल दिया था। वो भी बचने के लिए भागे थे और टूटी हुई रैलिंग के चलते नीचे आ गिरे थे। वो कोमा चले गए थे।