ताजमहल पर विजयवाड़ा से आए पर्यटकों के दल पर बंदरों ने शनिवार शाम को फिर हमला कर दिया। इस बार भी बंदरों के निशाने पर बच्चे ही रहे। सेंट्रल टैंक से आगे शू रैक के पास बंदरों के अचानक हमले से पर्यटक घबरा गए, लेकिन अन्य पर्यटकों ने छाते का डर दिखाकर बंदरों को भगाया।
सप्ताह भर में यह तीसरा मामला है, जब सैलानियों पर बंदरों ने हमला किया हो। विजयवाड़ा के 9 पर्यटकों का दल ताजमहल का दीदार करने आया। गाइड के साथ आए दल में तीन बच्चे भी थे जो सेंट्रल टैंक से आगे पहुंचे कि अचानक बाग और वाटर चैनल से निकलकर बंदरों ने उन पर हमला कर दिया। साथ चल रहे गाइड और पर्यटकों ने अपने पास मौजूद छाते से उन्हें भगाया।
चमेली फर्श पर कुत्तों का आतंक
केवल बंदर ही नहीं, बल्कि ताज के चमेली फर्श तक आवारा कुत्तों का आतंक है। विदेशी पर्यटकों ने आवारा कुत्तों की मौजूदगी की कई बार शिकायत भी की है। पर्यटन विभाग के पास बंदरों और कुत्तों के आतंक की कई शिकायतें पहुंची हैं, लेकिन इन पर कोई रोक नहीं लग पा रही।