आगरा के ताजमहल के पश्चिमी गेट के पास पश्चिम बंगाल की महिला पर्यटक पर बंदर ने हमला कर दिया। हाथ में आइसक्रीम होने के कारण बंदर ने झपट्टा मारा, जिससे महिला घायल हो गई और उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
ताजनगरी में बंदरों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को ताजमहल के पश्चिमी गेट के पास एक बंदर ने पश्चिम बंगाल की महिला पर्यटक पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गईं। पश्चिम बंगाल की महिला पर्यटक सुमिता रविवार को पश्चिमी गेट के पास घूम रही थीं। उनके हाथ में आइसक्रीम थी, जिसे देखकर एक बंदर ने पीछे से झपट्टा मार दिया।
इस छीना-झपटी में बंदर के नाखून महिला के हाथ में लग गए और उसने शोर मचा दिया। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और गाइडों ने महिला को संभाला। उन्हें पार्किंग स्थित पर्यटक सुविधा केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार देने के बाद एंबुलेंस से महिला पर्यटक को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
बता दें दशहरा घाट मंदिर की ओर से हर दिन सुबह और शाम को खाने की तलाश में बंदरों का बड़ा झुंड ताजमहल में पहुंचता है। ये बंदर पर्यटकों पर हमलावर हो जाते हैं। स्थानीय लोगों भी उत्पाती बंदरों से परेशान हैं।