बरौली अहीर। श्यामों मोड़ स्थित पुष्टाहार उत्पादन इकाई मैसर्स पहल प्रेरणा माइक्रो एंटरप्राइजेज की वित्तीय और प्रशासनिक निगरानी अब और कड़ी होगी। इकाई में खर्च और अभिलेखों की निगरानी के लिए बीएमएम नोडल एवं एमएफएफआई दामोदर शर्मा को अतिरिक्त सहायक नामित किया गया है। उपायुक्त स्व-रोजगार प्रेम चंद ने अग्रिम आदेशों तक उनके नामांकन का आदेश जारी किया है।
आदेश के मुताबिक, इकाई के ऑफिस बेअर्स का निर्धारित प्रावधानों के तहत नियमित रोटेशन किया जाना था। मुख्यालय के निर्देशों के बाद भी प्रक्रिया लंबित रहने पर इस पर निगरानी बढ़ाई गई है। वहीं, राज्य नियोजन संस्थान, नियोजन विभाग की टीम 21 से 26 सितंबर तक आगरा के क्षेत्रीय भ्रमण पर रहेगी। इस दौरान प्लांट की भौतिक व वित्तीय प्रगति, लेखा-अभिलेख और योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा होगी। इसकी सूचना तत्काल डीएमएमयू को साैंपने के लिए दामोदर शर्मा को जिम्मेदारी सौंपी गई है। अब तक प्लांट की जिम्मेदारी बीएमएम बरौली अहीर मोनिका कुशवाह देख रही थी।