राष्ट्रीय लोकदल ने आगरा छावनी सीट के लिए अभिनेत्री मोनिका बेदी, श्रद्धा शर्मा, अभिनेता मुश्ताक खान और कॉमेडियन सुनील पाल को प्रचार के लिए उतारा है। उन्होंने रोड शो कर प्रत्याशी अवधेश सिंह सुमन के लिए वोट मांगे।
गुरुवार को चारों कलाकारों ने खुले वाहन में सवार होकर रालोद के लिए वोट करने की अपील की। फिल्मी कलाकारों को देखने के लिए लोग उमड़ पड़े। आकर्षण का केंद्र अभिनेत्री मोनिका बेदी रहीं। लाउड स्पीकर पर इनकी फिल्म के गीत बज रहे थे तो माइक पर वक्ता बार-बार इनके नाम का उच्चारण कर रहा था। जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। मोनिका ने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकारा तो कहीं हाथ जोड़कर जनता से वोट की अपील की। नरीपुरा चौराहा से शुरू हुआ रोड शो अर्जुन नगर चौराहा, नगला छऊआ, नामनेर चौराहा, बिजली घर, ताजगंज, राजपुर चुंगी, शहजादी मंडी, मधु नगर, देवरी रोड से होते हुए बुंदू कटरा स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचकर समाप्त हुआ।