मैनपुरी। शहर की एक कॉलोनी निवासी अनुसूचित जाति की किशोरी के साथ छेड़छाड़ की गई। आरोपी ने घर में घुसकर जातिसूचक गालियां दीं। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने सोमवार को मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक 17 वर्षीय अनुसूचित जाति की एक किशोरी को स्कूल आते-जाते समय आरोपी अवनव परेशान करते हुए फब्तियां कसता है। 23 अप्रैल को आरोपी ने घर में घुसकर किशोरी के साथ छेड़छाड़ की, विरोध करने पर जातिसूचक गालियां देने के साथ ही हाथापाई भी की गई।
उक्त घटना के बाद जब पीड़िता के परिजन शिकायत लेकर गए तो आरोपी व उसके साथियों ने जातिसूचक गालियां देते हुए मारपीट की। पीड़िता ने इस मामले में कोतवाली में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज किए जाने की मांग की।
सोमवार को पीड़िता की शिकायत पर आरोपी अवनव व अन्य के विरुद्ध छेड़छाड़, एससीएसटी सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई। इंस्पेक्टर कोतवाली विक्रम सिंह ने बताया कि पुलिस जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लेगी।