आगरा। शहर के खिलाड़ियों के लिए एक अहम कदम के रूप में शाहगंज क्षेत्र के पंचकुइयां में आधुनिक इनडोर मिनी स्टेडियम का निर्माण प्रस्तावित है। करीब 4.92 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह परियोजना शहर के खेल ढांचे को मजबूत करने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराएगी।
यह स्टेडियम पंचकुइयां स्थित राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में बनाया जाएगा। निर्माण कार्य के लिए बजट स्वीकृत होने के बाद संबंधित विभागों की ओर से प्रारंभिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं, और जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद काम शुरू होने की संभावना है। प्रस्तावित इनडोर स्टेडियम में बैडमिंटन और टेबल टेनिस के लिए मानक कोर्ट, जूडो-कराटे और ताइक्वांडो के लिए विशेष मैट एरिया, साथ ही कुश्ती के अभ्यास के लिए उपयुक्त व्यवस्था विकसित की जाएगी। खिलाड़ियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चेंजिंग रूम, लॉकर, पेयजल, शौचालय और दर्शकों के बैठने की सीमित व्यवस्था भी शामिल की जा सकती है। खेल विशेषज्ञों के अनुसार, शहर में इनडोर सुविधाओं की कमी लंबे समय से महसूस की जा रही थी। कई खिलाड़ी मौसम या संसाधनों की कमी के कारण नियमित अभ्यास नहीं कर पाते थे। इस स्टेडियम के होने के बाद खिलाड़ियों को एक सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण मिलेगा, जहां वे सालभर प्रशिक्षण जारी रख सकेंगे।
आगरा जैसे बड़े शहर में इनडोर खेल सुविधाओं का विस्तार बेहद जरूरी था। यह स्टेडियम खासकर उन खिलाड़ियों के लिए उपयोगी साबित होगा जो मौसम की वजह से नियमित अभ्यास नहीं कर पाते। यहां अच्छी कोचिंग और प्रतियोगिताओं का आयोजन भी शुरू हो, तो यह प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में मददगार होगा।
नरेंद्र शर्मा, क्रिकेट कमेंटेटर सलाहकार
पंचकुइयां में बनने वाला यह स्टेडियम युवाओं को अनुशासित माहौल और बेहतर सुविधाएं देगा। इससे न केवल नए खिलाड़ी तैयार होंगे, बल्कि खेलों के प्रति रुचि भी बढ़ेगी, जो किसी भी शहर के लिए सकारात्मक संकेत है।
डॉ पराग गौतम, पूर्व कप्तान क्रिकेटर, आंबेडकर विश्वविद्यालय