सोशल मीडिया की दीवानगी ने एक ओर परिवार को बिखराव की कगार पर ला दिया है। एकता थाना क्षेत्र के एक युवक की शादी अप्रैल 2025 में बसई निवासी युवती से हुई लेकिन सोशल मीडिया की लत ने शादी के 15 दिन बाद ही रिश्ते में दरार डाल दी। पत्नी मायके चली गई और पति के बार-बार बुलाने पर भी लौटने से इन्कार कर दिया। मामला अब परिवार परामर्श केंद्र तक पहुंच चुका है।
पीड़ित पति का आरोप है कि पत्नी दिन-रात फोन में व्यस्त रहती है, इंस्टाग्राम पर रील्स बनाती है और मना करने के बाद भी अन्य युवकों के साथ घूमती-फिरती है। जब पति ने उसके फोन का पासवर्ड मांगा तो दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि 2 जून को पत्नी ने अपने कुछ पुरुष मित्रों के माध्यम से उस पर जानलेवा हमला करवा दिया। इस घटना के बाद से पत्नी मायके चली गई और बार-बार बुलाने पर भी वह लौटने को तैयार नहीं है।
मामला परिवार परामर्श केंद्र तक पहुंच चुका है, जहां दोनों पक्षों के बीच चार बार काउंसलिंग के बावजूद कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका है। पत्नी अपने ससुराल जाने के बजाय पति पर परिवार से अलग होकर शहर में किराए पर कमरा लेकर रहने की जिद पर अड़ी है। दूसरी ओर पीड़ित युवक का कहना है कि वह अपने घर का सबसे बड़ा बेटा है और अपने बुजुर्ग माता-पिता को छोड़कर उनसे अलग नहीं रह सकता।