एमएलसी चुनाव परिणाम: समर्थकों के साथ निर्दलीय प्रत्याशी आकाश अग्रवाल
- फोटो : अमर उजाला
आगरा शिक्षक एमएलसी सीट पर मतगणना में प्रथम और दूसरी वरीयता मतों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी से आगे निकलने के बाद निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने गुरुवार की रात एक बजे अपनी जीत का दावा किया। हालांकि परिणाम घोषित नहीं हुआ था और वोटों की गिनती जारी थी।
उन्होंने कहा कि प्रशासन जानबूझ कर उनकी जीत घोषित करने में देर कर रहा है। उन्होंने चुनाव आयोग से जल्द प्रमाणपत्र देने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह जीत मगरमच्छ के मुंह से छीनी है। किसी दल में नहीं जाऊंगा। वित्तविहीन विद्यालयों के शिक्षकों को मानदेय और पूर्णकालिक का दर्जा दिलाने के लिए संघर्ष करेंगे। इसके लिए पहले हाईकोर्ट जाऊंगा फिर लखनऊ में भाजपा कार्यालय का घेराव करूंगा।
प्रथम वरीयता के मतों से नहीं हुआ विजेता का फैसला
शाहदरा स्थित मंडी परिसर में मतगणना चल रही है। शिक्षक सीट पर प्रथम वरीयता के लिए दो चक्रों की मतगणना का परिणाम गुरुवार रात 10 बजे आया। इसमें कोई प्रत्याशी कुल मतों के 50 फीसदी मत जीतने के लिए प्राप्त नहीं कर सका। ऐसे में द्वितीय वरीयता और फिर तृतीय वरीयता मतों के आधार पर नतीजा तय होगा।