ऑटो में बैठी बीडीसी सदस्य और उसकी सास
- फोटो : अमर उजाला
आगरा-फिरोजाबाद स्थानीय प्राधिकारी एमएलसी चुनाव के लिए शनिवार को मतदान हुआ। सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतपत्र से वोट डाले गए। दोनों जिलों में कुल कुल 98.06 प्रतिशत मतदान हुआ है। आगरा के 16 बूथों पर 98.88 प्रतिशत वोटिंग हुई। नगर निगम, नगरपालिका, जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत के सदस्यों ने मतदान किया। आगरा में एक महिला बीडीसी सदस्य का मतदान चर्चा का विषय रहा।
सैंया ब्लॉक में बीडीसी सदस्य ऊषा देवी अपने पांच दिन के बच्चे के साथ मतदान केंद्र पर पहुंची। वह किराये पर टेम्पो करके आईं। बूथ पर जब पुलिसकर्मियों ने टेम्पों को अंदर जाने से रोका तो ऊषा देवी ने पूरी बात बताई। ऊषा ने कहा कि उसका पांच दिन पहले प्रसव हुआ है। वह ज्यादा पैदल नहीं चल सकती। इसलिए अपनी सास के साथ टेम्पो से आईं।
ऊषा देवी की बात सुनकर पुलिस ने टेम्पो को मतदान केंद्र तक जाने दिया। ऊषा के साथ उसकी सास भी थी, जो उनके बच्चे को गोद में लिए हुए थे। महिला पुलिसकर्मियों ने ऊषा देवी को मतदान केंद्र में पहुंचाया। महिला का साहस देखकर सभी मतदान कर्मी उनकी तारीफ करने लगे। ऊषा देवी ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया और टेम्पो से वापस घर चली गई।