आगरा-फिरोजाबाद स्थानीय निकाय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद भाजपा प्रत्याशी विजय शिवहरे के समर्थन में निर्दलीय प्रत्याशी गिरजेश चौहान ने गुरुवार को अपना नामांकन वापस ले लिया। इस मौके पर एमजी रोड स्थित शिवहरे के कैंप कार्यालय में ब्लाक प्रमुख व सभासदों ने चौहान का साफा बनाकर स्वागत किया। गरजेश चौहान ने कहा कि वह विजय शिवहरे को जिताने के लिए काम करेंगी।
आगरा-फिरोजाबाद स्थानीय प्राधिकारी विधान परिषद सदस्य के एक पद के लिए नौ अप्रैल को मतदान होगा। 14 से 21 अप्रैल तक कलक्ट्रेट में नामांकन प्रक्रिया चली। छह प्रत्याशियों ने नामांकन किया। गुरुवार को नामांकन वापसी की तारीख थी। निर्दलीय प्रत्याशी गिरजेश चौहान के पर्चा वापस लेने के बाद अब केवल पांच प्रत्याशी ही रह गए हैं। एमएलसी चुनाव के लिए इस बार भाजपा और सपा के बीच टक्कर है।
नौ अप्रैल को होगा मतदान
भाजपा ने विजय शिवहरे को प्रत्याशी बनाया है। शिवहरे भाजपा संगठन में प्रदेश मंत्री हैं। सपा ने फिर डॉ. दिलीप सिंह पर दांव लगाया है। बसपा और कांग्रेस ने चुनाव नहीं लड़ा। रुनकता निवासी विमल कुमार, खेरागढ़ निवासी हस्नूराम आंबेडकरी और प्रवीन कुमार निर्दलीय उम्मीदवार हैं। आगरा में 16 और फिरोजाबाद में नौ मतदेय स्थल हैं। कुल 3925 मतदाता हैं। नौ अप्रैल को 25 मतदेय स्थल पर वोट डाले जाएंगे। 12 अप्रैल को मतगणना होगी।