विधान परिषद की स्नातक एवं शिक्षक खंड सीट पर रविवार शाम पांच बजे चुनाव प्रचार थम गया। सोमवार को मंडी समिति से पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। मंगलवार सुबह आठ बजे से आगरा समेत 12 जिलों में स्नातक व शिक्षक मतदाता वोट डालेंगे। वोट डालने के लिए मतदाताओं को मास्क पहनना अनिवार्य होगा।
विज्ञापन
निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं आयुक्त आगरा मंडल अनिल कुमार ने बताया सभी पोलिंग बूथों पर हेल्प डेस्क लगाई जाएगी। प्रत्येक मतदान कर्मी को फेस शील्ड व कोविड से बचाव के लिए सुरक्षा किट प्रदान की गई है। मतदाताओं को मास्क पहनन कर आना होगा।
मतपत्र पर अपनी वरीयता लिखने से पहले हाथ सैनिटाइज करने होंगे। रविवार को आयुक्त की अध्यक्षता में तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए आयोजित बैठक में यह निर्देश दिए गए हैं। रविवार शाम पांच बजे एमएलसी चुनाव के लिए प्रचार बंद हो गया। इसके साथ ही आगरा समेत 12 जिलों में 72 घंटे के लिए शराब बिक्री प्रतिबंधित कर दी गई है।
विज्ञापन
28 मजिस्ट्रेट, 14 ऑब्जर्वर और 84 मतदेय स्थल
आगरा खंड की शिक्षक व स्नातक सीट पर चुनाव संपन्न कराने के लिए 28 मजिस्ट्रेट और 14 माइक्रो ऑब्जर्वर नियुक्त किए हैं। स्नातक के लिए 56 और शिक्षक के लिए 28 मतदेय स्थल कुल 84 बूथ हैं। यहां आगरा के मतदाता वोट डालेंगे। शिक्षक सीट पर 16 और स्नातक सीट पर 22 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है। स्नातक सीट पर कुल 2.82 लाख और शिक्षक सीट पर 30 हजार मतदाता हैं।
पांच बूथ पर होगी बेवकास्टिंग
कमला नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में बने पांच मतदेय स्थलों पर एमएलसी चुनाव में मतदान के दौरान बेवकास्टिंग कराई जाएगी। कक्ष एक से पांच तक मतदेय स्थल हैं।
पहचान पत्र के नौ विकल्प
आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, राज्य/ केंद्र सरकार, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम, स्थानीय निकाय या अन्य निजी औद्योगिक घरानों से अपने कर्मचारियों को जारी किए गए सेवा पहचान पत्र, सांसदों/विधायकों/विधान परिषद् सदस्यों से जारी अधिकारिक पहचान पत्र, शैक्षिक संस्थाओं से जारी सेवा पहचान पत्र, विश्वविद्यालय से जारी उपाधि, डिप्लोमा का प्रमाणपत्र मूल रूप में तथा सक्षम प्राधिकारी से जारी दिव्यांगता संबंधी प्रमाणपत्र मूल रूप से वैकल्पिक पहचान पत्र के रूप में मतदान के समय मान्य होगा।