भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आगरा-फीरोजाबाद स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन 2016 का कार्यक्रम जारी हो चुका है। निर्वाचन कार्यालय ने मतदाता सूची लगभग फाइनल कर दी है। छह फरवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया जाएगा। मतदाता सूची के मुताबिक 3159 मतदाता एमएलसी का चुनाव करेंगे लेकिन जिले के करीब 135 ग्राम प्रधान चुनाव में मतदान नहीं कर सकेंगे।
एमएलसी चुनाव में बीडीसी सदस्य, प्रधान, जिला पंचायत सदस्य, नगर निगम के पार्षद, टाउन एरिया के सभासद, छावनी परिषद के पार्षद मतदान करेंगे। 3159 मतदाताओं में 1998 पुरुष मतदाता और 1161 महिला मतदाता हैं लेकिन जिले के करीब 135 ग्राम प्रधान ऐसे हैं जो मतदान में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। 135 ग्रामसभाओं में कोरम पूरा नहीं होने के कारण ग्रामसभा सदस्यों का चुनाव नहीं हो पाया है। जब तक ग्राम सभा का गठन नहीं होगा तब तक प्रधानों को उनके पद की शपथ नहीं दिलाई जा सकती। शपथ न हो पाने की स्थिति में ऐसे प्रधानों को मत देने का अधिकार नहीं मिल पाएगा। ऐसा ही कुछ बीडीसी सदस्यों के साथ हुआ है। हाल में निर्वाचित होकर आए बीडीसी सदस्यों का कार्यकाल 15 मार्च से प्रारंभ होगा और एमएलसी का चुनाव तीन मार्च को है। इस स्थिति में आयोग ने पुराने बीडीसी सदस्यों को ही मतदाता सूची में शामिल किया है।
पहली बार होगी फोटोयुक्त मतदाता सूची
एमएलसी चुनाव में पहली बार फोटो युक्त मतदाता सूची का प्रयोग किया जाएगा। मतदान कक्ष में फोटोयुक्त मतदाता सूची होगी जिससे मतदाता को क्रास चेक किया जा सकेगा। मतदाताओं की सूची बनाते समय करीब 17 बिंदुओं का एक प्रोफार्मा भी भरवाया गया है। जिसमें मतदाता के संबंध में सभी सूचनाएं दर्ज हैं।