कासगंज। एक विधायक पर एक महिला ने विधायक निधि के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। इस संबंध में महिला ने अपना शिकायती पत्र डीएम को प्रेषित किया है। डीएम ने इस संबंध में मुख्य विकास अधिकारी से जानकारी मांगी है। वहीं, विधायक ने महिला के आरोपों को सिरे से नकारा है।
शिकायतकर्ता महिला सलमा पत्नी इरफान निवासी अशोक नगर का आरोप है कि विधायक ने नगला भंडारी में अपनी विधायक निधि से प्रस्तावित रेन बसेरा की धनराशि से अपना आवास बनवाया है और अपने ही ट्रस्ट को धन निर्गत किया है। महिला का कहना है कि विधायक ने विधायक निधि का दुरुपयोग किया है और सरकारी धन को अपने निजी हित में प्रयोग किया है। इस संबंध में विधायक का कहना है कि उन्होंने किसी भी तरह से विधायक निधि का दुरुपयोग नहीं किया है। महिला के आरोप पूरी तरह से गलत हैं। विधायक निधि का धन पूरी प्रक्रिया के बाद निर्गत होता है। बदनामी के लिए कथित शिकायत की गई है।