मैनपुरी। सक्रीय क्षयरोगी खोज अभियान का तीसरा चरण 13 जनवरी से चल रहा है। निजी क्लीनिक और केमिस्टों के यहां पहुंचकर स्वास्थ्य विभाग की 11 टीमें रोगियों का पता लगा रही हैं। मंगलवार को लखनऊ से आई टीम के साथ जिला क्षयरोग अधिकारी ने शहर के निजी क्लीनिक संचालकों, जांच केंद्रों और मेडिकल स्टोरों पर पहुंचकर जानकारी जुटाई।
मंगलवार को जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ.आरपी सिंह के साथ जिला समन्वयक वाईपी सिंह ने शहर के निजी चिकित्सकों, मेडिकल संचालकों और जांच केंद्र प्रभारियों के यहां पहुंचकर जानकारी ली। जिला क्षयरोग अधिकारी ने इंडियमन मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. आरएस यादव, डॉ. केपी सिंह कुशवाह, डॉ.एसएस पॉल आदि के यहां पहुंचकर क्षयरोगी खोजी अभियान के तृतीय चरण की जानकारी दी और यहां आए मरीजों के संबंध में डाटा लिया।
सोमवार को इस अभियान के तहत लखनऊ से आए सहायक कार्यक्रम अधिकारी बनवारीलाल ने जिला समन्वयक के साथ किशनी क्षेत्र के निजी डॉक्टरों के यहां भ्रमण किया था। उन्होंने निर्देश दिए कि 25 जनवरी तक चलने वाले इस अभियान में किसी प्रकार की लापरवाही न की जाए।