पबजी के चक्कर में 14 वर्षीय छात्र ने घर छोड़ दिया। पबजी की लत से गरीबी मिटाने का टास्क के चक्कर में छात्र स्कूल बैग उठा घर से निकल गया। छात्र इंदौर से मथुरा तक भटका। मां ने अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने जांच के बाद छात्र को सकुशल बरामद कर लिया।
दो दिन से लापता शहर के एक नामी स्कूल का 14 वर्षीय छात्र शनिवार तड़के मथुरा के फरह क्षेत्र में एक रोडवेज बस से सकुशल मिल गया। पबजी खेलने का आदी यह छात्र गेम में एक लाख रुपये जीतकर अपनी विधवा मां को देना चाहता था।
विज्ञापन
इनाम की चाहत में टास्क पाकर वह घर से ग्वालियर के लिए निकला था लेकिन रास्ता भटककर पहले इंदौर और फिर मथुरा पहुंच गया। दक्षिण थाना स्थित सुहागनगर निवासी छात्र के पिता की मौत हो चुकी है। बुधवार को स्कूल में उसके छोटे भाई (कक्षा 4) का एक सहपाठी से विवाद हो गया था।
इसके बाद बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे छात्र अपना स्कूल बैग लेकर घर से निकल गया। घर न लौटने पर बदहवास मां ने छोटे बेटे के सहपाठी के पिता (कांच फैक्टरी में मैनेजर) पर अपहरण का शक जताते हुए शिकायत दी। नाबालिग का मामला होने के कारण पुलिस ने तुरंत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
विज्ञापन
सीसीटीवी कैमरे खंगालने पर छात्र जैन मंदिर के पास एक ऑटो में सवार होता दिखा। पूछताछ में उसने बताया कि ऑटो से आगरा पहुंचने के बाद उसे ग्वालियर जाना था लेकिन वह भूलवश इंदौर जाने वाली बस में बैठ गया।
शुक्रवार को इंदौर पहुंचने पर गलती का अहसास हुआ तो वापसी के लिए दूसरी बस पकड़ी और सो गया। नींद खुली तो वह मथुरा पहुंच चुका था। शनिवार तड़के वह मथुरा से ग्वालियर के लिए दोबारा एक रोडवेज बस में सवार हुआ।
उधार के इंटरनेट से चला रहा था इंस्टाग्राम
घर से निकलते समय छात्र ने मोबाइल से सिम निकाल दिया था लेकिन रास्ते में वह राहगीरों से इंटरनेट उधार लेकर इंस्टाग्राम और पबजी चला रहा था। शुक्रवार रात साइबर सेल को इंस्टाग्राम से उसकी लोकेशन मथुरा में मिली। इसके बाद थाना निरीक्षक योगेंद्र पाल सिंह तुरंत टीम के साथ मथुरा पहुंच गए।
शनिवार तड़के जैसे ही छात्र आगरा-मथुरा हाईवे पर दोबारा ऑनलाइन आया, पुलिस ने पीछा कर फरह के पास रोडवेज बस रुकवा ली और उसे बरामद कर लिया। शनिवार को पुलिस ने छात्र को फिरोजाबाद लाकर रोती-बिलखती मां के सुपुर्द कर दिया।
सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में दक्षिण थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह व साइबर सेल की टीम ने इस केस को सुलझाकर छात्र को सकुशल बरामद कर लिया है। बच्चे को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।- रविशंकर प्रसाद, एसपी सिटी