भाग्य नगर की बेटी दीप सुप्रियम भाग्यवान ही नहीं प्रतिभावान भी हैं। उन्होंने पिछले दिनों इजिप्ट (मिश्र) में आयोजित मिस एलीट वर्ल्ड का खिताब हासिल करके आगरा का नाम रोशन किया। उनका कहना है कि प्रतियोगिता में उन्होंने भारतीय संस्कृति के अनुरूप ही परिधानों का चयन किया। उनका मकसद भारतीय संस्कृति को मंच पर परिलक्षित करना था, यही ज्यूरी के सदस्यों को भा गया।
दीप सुप्रियम ने अमर उजाला कार्यालय में अपनी उपलब्धि के बारे में बताया कि मिस एलीट सौंदर्य प्रतियोगिता विश्व की पांच सबसे प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिताओं में से एक है। पेशे से फैशन डिजाइनर दीप ने यह खिताब 36 देशों की सुंदरियों को पीछे छोड़कर जीता।
बॉलीवुड कलाकारों की ड्रेस डिजाइन कर रहीं
मिस एलीट वर्ल्ड का खिताब जीतने के बाद दीप का मुंबई पहुंचने पर स्वागत किया गया। दीप सुप्रियम मुंबई की प्रमुख फैशन डिजायनरों के बीच अपना स्थान बना चुकी हैं। महानायक अमिताभ बच्चन समेत कई सुपर स्टारों के कॉस्टयूम डिजाइन करने का उन्हें अवसर मिल चुका है। 28 वर्षीय दीप सफलता का श्रेय अपने पिता सुरेंद्र सिंह चौहान कृषि विभाग में संयुक्त निदेशक के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं, मां प्रतिभा शोभन को देती हैं।