आगरा में बेखौफ बदमाशों ने एक बार फिर शहर में एटीएम उखाड़कर ले जाने की कोशिश की। ताजगंज के श्यामो मोड़ स्थित हरि सिंह मार्केट में शनिवार की रात बदमाशों ने वारदात की। पहले सीसीटीवी कैमरे तोड़े, फिर इंडिया वन कंपनी के एटीएम की स्क्रीन को बड़े पत्थर से तोड़ा। कैश बॉक्स तोड़ने में सफल नहीं होने पर एटीएम को फर्श से उखाड़ डाला। हालांकि वजन अधिक होने से एटीएम को ले जाने में सफल नहीं हो सके। रविवार सुबह एटीएम जमीन पर गिरा देख लोगों को घटना की जानकारी हुई। पास ही बड़ा पत्थर भी पड़ा था। एटीएम में 16 लाख रुपये थे, जो सुरक्षित बताए गए। यह घटना तब हुई, जब बकरीद को लेकर पुलिस का अलर्ट था। इससे पहले भी एटीएम में तोड़फोड़ और उखाड़कर ले जाने की वारदात हो चुकी हैं।
सीओ ने बताया कि एटीएम में सुरक्षा गार्ड नहीं था। मार्केट में एक और कैमरा लगा है। मगर, बिजली नहीं होने से वह काम नहीं कर सका। श्यामो मोड़ से शमसाबाद और शहर की तरफ जाने का रास्ता है। इस रास्ते पर कई मार्केट हैं। इन पर कैमरे लगे हुए हैं। अब इन कैमरों के फुटेज चेेक किए जा रहे हैं। रात करीब एक बजे पुलिस टीम ने गश्त में एटीएम को सुरक्षित देखा था।
पुलिस गश्त के दौरान एटीएम देखती है। जिन एटीएम में गार्ड नहीं होते हैं, उनके शटर रात में गिरा दिए जाते हैं। बताया गया है कि इंडिया वन के एटीएम का शटर रातभर खुल रहता है। पुलिस गश्त करती रही। इसके बावजूद वारदात हो गई।