आगरा के किरावली में जयपुर हाईवे के लड़ामदा मोड़ पर स्थित बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान पर बुधवार की दोपहर लूट हो गई। बाइक सवार बदमाश दुकानदार को चाकू दिखाकर गल्ले से 30 हजार रुपये लूटकर भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी के फुटेज खंगाले, लेकिन बदमाशों का कुछ पता नहीं चला।
आगरा के शिवनगर निवासी हसन की लड़ामदा मोड़ के पास बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान है। दुकानदार ने पुलिस को बताया कि बुधवार की दोपहर करीब 12:45 बजे बाइक पर दो बदमाश ग्राहक बनकर आए। उस समय मजदूर खाना खाने गए थे। बदमाश बातचीत के बहाने भीतर आ गए। आते ही एक ने चाकू निकाला और धमकाते हुए गल्ले में रखे 30 हजार रुपये लूट लिए।
रकम लूटने के बाद दोनों बाइक से भाग निकले। उन्होंने घटना की जानकारी तत्काल ही पुलिस को दी। मौके पर थाने के फोर्स के साथ ही एसीपी अछनेरा गौरव सिंह भी पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। एसीपी ने बताया कि लूट की घटना की सूचना मिली है। जांच की जा रही है। दुकान में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद लेकर बदमाशों का पता लगाया जा रहा है।