एटा के पूर्व माध्यमिक विद्यालय के शिक्षक से 1.42 लाख रुपये कार सवार तीन बदमाशों ने लूट लिए। गोवर्धन दर्शन करके एटा लौटते वक्त गोवर्धन चौराहे से कार में सवार हुए शिक्षक को ढाई घंटे तक लेकर हाईवे पर लुटेरे घूमते रहे। मारपीट के बाद शिक्षक को रैपुराजाट से आधा किमी अंदर जंगल में फेंक गए। फरह पुलिस ने रातभर पीड़ित को टहलाती रही। सोमवार देर शाम पीड़ित का मुकदमा दर्ज हो सका।
एटा के महाराणा प्रताप नगर निवासी आशु शर्मा पुत्र हरिकृष्ण शर्मा रविवार को गोवर्धन दर्शन के लिए आए थे। वह पेशे से शिक्षक हैं। रविवार की शाम 4:30 बजे वह हाईवे के गोवर्धन चौराहे से कार में सवार हुए। कार में चालक समेत दो सवारियां और भी थीं। इसलिए वे बेझिझक कार में बैठ गए। कार कुछ दूर पर चली तो कार चालक ने आगे की सवारी को यह कहकर भेज दिया कि आगे सोएं नहीं। शिक्षक कुछ समझ पाता, उससे पहले पीछे आए लुटेरे ने शिक्षक पर तमंचा तान दिया।
गलत पिन बताने पर की शिक्षक से मारपीट
लुटेरे ने शिक्षक के मोबाइल और क्रेडिट कार्ड को अपने कब्जे में ले लिए। इसके बाद हाईवे पर कोयला अलीपुर के पास कार रोक ली। एक लुटेरा 15 मिनट के लिए चला गया। लौटकर आए लुटेरे ने गलत पिन बताने पर शिक्षक से मारपीट की। लुटेरे ने शिक्षक से 12 हजार रुपये लूट लिए। उसके मोबाइल से फोनपे से करीब 1:30 लाख रुपये दो मोबाइल में ट्रांसफर किए और उसके बाद शिक्षक को रैपुराजाट से आधे किमी अंदर जंगल में फेंक गए।
सिम भी तोड़ गए लुटेरे
इतना ही नहीं लुटेरे शिक्षक के मोबाइल के सिम भी तोड़ गए, जिससे वह किसी से संपर्क नहीं कर सके। शिक्षक ने हाईवे पर आकर दुकानदार से मोबाइल लेकर अपने बहनोई को फोन किया। बहनोई आने के बाद शिक्षक ने पूरा मामला फरह पुलिस को बताया। फरह पुलिस रातभर पीड़ित को टहलाती रही। इसके बाद सोमवार को देर शाम तीन लुटेरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो सका।
गोली मारने की धमकी
शिक्षक आशु शर्मा के अनुसार दो लुटेरे छह-छह फुट लंबे और तगड़े थे। वे बार-बार गोली मारने की धमकी दे रहे थे। उस धमकी के चलते वह विरोध नहीं कर पाए। उन्हें शुरू में कुछ पता नहीं चला। बाद में आगे से पीछे कार में आए लुटेरे ने तमंचा तान दिया तो वह घबरा गए। हालांकि शुरूआत में जरूर वह लुटेरों को कोड और पिन गलत बताते रहे, पर गोली मारने की धमकी के बाद सब सही बता दिया। फोनपे के माध्यम से दो मोबाइल पर यह धनराशि ट्रांसफर की गई है।
मुकदमा दर्ज, जल्द करेंगे खुलासा: मार्तंड प्रकाश
एसपी सिटी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि शिक्षक से लूट के मामले में थाना फरह में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही तीनों लुटेरे पुलिस की गिरफ्त में होंगे।