खंदौली। थाना क्षेत्र के पीलीपोखर में मंगलवार को घर पर अकेली रही महिला को पीतल, तांबे के पुराने बर्तनों की सफाई के बहाने बदमाश जेवर ले भागे। पीड़िता ने थाना खंदौली में तहरीर दी है।
पीलीपोखर स्थित शिवानी धाम कॉलोनी में अमित कश्यप का मकान है। उनकी पत्नी ललिता ने बताया कि मंगलवार की दोपहर वह घर पर अकेली थी। तभी बाइक सवार दो युवक आए। घर मे रखे तांबे और पीतल के पुराने बर्तन साफ कराने के लिए कहा। इस पर उन्होंने पीतल के कुछ बर्तन साफ करने के लिए दे दिए।
महिला के मुताबिक एक युवक ने मुफ्त में जेवर की सफाई करने के लिए कहा। इस पर उन्होंने सोने का मंगलसूत्र और अंगूठी युवक को साफ करने के लिए दे दी। तभी एक युवक ने पीने के लिए पानी मांगा। वह पानी लेने गईं, तो दोनों युवक जेवर लेकर भाग निकले। पीड़िता के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने बदमाशों की तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
पीड़िता ने बताया कि घटना की तहरीर थाना खंदौली में दे दी गई है। जबकि एसओ अवधेश कुमार का कहना है कि घटना उनके संज्ञान में नहीं है। जांच कराई जाएगी।