बदमाशों के हमले में घायल व्यापारी
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा जिले के कस्बा शेरगढ़ के बाजार में गुरुवार शाम को बदमाशों ने एक व्यापारी से डेढ़ लाख रुपये लूट लिए। लूट का विरोध करने पर तमंचे की बट से प्रहार कर व्यापारी को घायल कर दिया गया। इसके बाद बदमाश फरार हो गए। लूट की वारदात से बाजार में हड़कंप मच गया। देर रात पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी रही, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
बाजना निवासी व्यापारी विनोद कुमार कस्बा शेरगढ़ में व्यापार करते हैं। विनोद कुमार रोजाना की तरह गुरुवार को शेरगढ़ में व्यापारियों से अपने माल की पेमेंट लेने आए थे। शाम तकरीबन 7:00 बजे मेन मार्केट की देवी मंदिर वाली गली में बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उन्हें लूट लिया। सरेआम हुई लूट से बाजार में दहशत फैल गई।
पीड़ित व्यापारी के अनुसार उनके पास थैले में कलेक्शन के करीब डेढ़ लाख रुपये थे। जब वह बाजार से निकल रहे थे तभी देवी मंदिर वाली गली में बदमाशों ने उन पर हमला बोल दिया। उनसे थैला छीनने की कोशिश करने लगे। लूट का विरोध किया तो बदमाशों ने व्यापारी के माथे और नाक पर तमंचे की बट से प्रहार कर दिया।
व्यापारी घायल हो गया और बेहोश होकर गिर पड़ा। इसी बीच बदमाश थैला लूटकर फरार हो गए। वारदात के बाद स्थानीय व्यापारी घायल विनोद कुमार को डॉक्टर के पास लेकर आए। स्थानीय लोगों ने बताया कि पुलिस सूचना मिलने के आधे घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची। थानाध्यक्ष अनुज मलिक ने बताया कि जांच कर रहे हैं। अपराधियों को जल्द से गिरफ्तार किया जाएगा।