दिल्ली हाईवे पर अधिवक्ता की कार लूटी
जैंत थाना क्षेत्र में चौमुहां के समीप दिल्ली हाईवे पर अधिवक्ता रूप किशोर चौधरी एडवोकेट से अज्ञात बदमाश तमंचा दिखाकर उनकी कार लूटकर फरार हो गए। रूप किशोर चौधरी पत्नी को भरतपुर से दवा दिलाकर लौट रहे थे। रास्ते में कार रोककर पति-पत्नी अमरूद खरीदने लगे।
इसी दौरान उनकी कार में दो बदमाश बैठ गए। अमरूद खरीद कर लौटे अधिवक्ता ने दो बदमाशों को अपनी गाड़ी में बैठे देखा तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने जब उनसे गाड़ी में बैठे रहने का कारण पूछा तो दोनों बदमाश अपने असली रूप में आ गए।
बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उनके हाथ से कार की चाबी छीन ली और कार स्टार्ट कर फरार हो गए। पीड़ित अधिवक्ता चौधरी रूपकिशोर थाना जैत पहुंचे और लूट की घटना की जानकारी दी। उनकी तहरीर पर थाना जैत पुलिस ने दो अज्ञात लुटेरों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।