बहन को फोन कर रहे मनचले, मना करने पर भाई को पीटा
-गांव गिंगौरा के हैं आरोपी, बिछवां पलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर तलाश की शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
बिछवां। गांव गिंगौरा के रहने वाले दो युवक बेवर क्षेत्र की रहने वाली एक युवती को फोन कर परेशान करते हैं। बुधवार को जब युवती का भाई आरोपियों को समझाने के लिए आया तो उसकी पिटाई की गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
थाना बेवर क्षेत्र के एक गांव निवासी एक युवक ने बुधवार को थाने में तहरीर दी। पुलिस को बताया कि वह बुधवार को गांव फर्दपुर गया था। वहां के रहने वाले सोनू सिंह और नीतेश उसकी बहन को बार-बार फोन कर परेशान करते हैं। बहन के कई बार मना करने के बाद भी दोनों नहीं माने। आरोपियों को समझाया गया लेकिन हरकत बंद नहीं की। वह दोनों को समझाने के लिए गांव फर्दपुर आया और कहा कि वह लोग अब बहन को फोन न करें। इसी बात से गुस्साए दोनों आरोपियों ने उसे फर्दपुर तिराहा के पास घेर लिया। गाली गलौज करते हुए उसे पीटकर घायल कर दिया। लाेगों को एकत्र होता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।