आगरा कालिंदी विहार स्थित पेठा नगरी में मंगलवार रात को दो बाइक पर आए नकाबपोश चार बदमाशों ने व्यापारी तरुण भार्गव और उनके भाई वरुण भार्गव को लूट लिया। बदमाशों ने लूट के विरोध पर भाइयों को जान से मारने की धमकी दी। गल्ले से 12 हजार रुपये लूटकर भागने लगे। भाइयों के पीछा करने पर दो फायर कर दिए। दोनों बच गए। पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही थी।
ट्रांस यमुना कालोनी, थाना एत्माद्दौला निवासी तरुण भार्गव की पेठा नगरी, कालिंदी विहार में परचून की दुकान है। तरुण ने बताया कि मंगलवार रात को नौ बजे वह और उनके भाई वरुण दुकान बंद करने की तैयारी कर रहे थे। तभी चार बदमाश दनदनाते हुए दुकान के अंदर घुस आए। चारों के पास तमंचे थे। सभी ने अपने चेहरे स्वाफी से छिपा रखे थे। उन्होंने तमंचे तानकर जान से मारने की धमकी दी।
दो बदमाशों ने उन्हें कब्जे में ले लिया। दो बदमाश दुकान की तलाशी लेने लगे। दोनों ने गल्ले से 10-12 हजार रुपये निकालकर अपनी जेबों में भर लिए। इसके बाद दनदनाते हुए बाहर की तरफ भागने लगे। यह देखकर तरुण और वरुण भी पीछे दौड़े। बदमाशों की बाइक पास ही खड़ी थी। उन्हें आता देखकर एक बदमाश ने फायर कर दिया। वह बाल-बाल बच गए। इसके बावजूद वह पकड़ने की कोशिश करने लगे।