करहल। ग्राम पंचायत सिंहपुर में जमीन पर कब्जे की शिकायत पर जांच करने आई टीम के साथ प्रधान प्रतिनिधि से आरोपियों ने अभद्रता की। विरोध पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।
ग्राम पंचायत सिंहपुर के ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत की जमीन पर कब्जे की शिकायत एसडीएम से की थी। 3 दिसंबर को प्रधान प्रतिनिधि सुमित कुमार के साथ लेखपाल की टीम निरीक्षण कर रही थी। प्रधान प्रतिनिधि ने जमीन पर कब्जे के संबंध में बात की तो राजीव उर्फ रवि और नरोत्तम सिंह आग बबूला हो गए और गाली गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर प्रधान प्रतिनिधि को जान से मारने की धमकी दी। कुछ लोगों ने विवाद को शांत कराया। आरोपी धमकाते हुए वहां से चले गए। प्रधान प्रतिनिधि की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।