शोहदे से परेशान होकर सोमवार की दोपहर डेढ़ बजे एक किशोरी ने जिला अस्पताल स्थित निर्माणाधीन महिला मैटरनिटी विंग की चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। पिता की तहरीर पर पुलिस ने शोहदे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
कोतवाली नगर के मोहल्ला अवागढ़ हाउस निवासी किशोरी के पिता राजीव कुमार वशिष्ठ की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उनके मकान में गौरव सिंह सिकरवार पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी एमपी नगर थाना कोतवाली नगर किराए पर रहता था। उसकी हरकतों को देखकर तीन माह पूर्व उससे मकान खाली करा दिया था।
इसके बाद एमपी नगर में किराए पर रहने लगा। मकान खाली कराने के बाद भी गौरव उनकी 15 वर्षीय पुत्री खुुशी को लगातार परेशान कर रहा था। इससे तंग आकर बेटी ने जिला अस्पताल में सोमवार की दोपहर निर्माणाधीन महिला मैटरनिटी विंग की चौथी मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, उससे पूछताछ की जा रही है।
किशोरी ने शोहदे से परेशान होकर जिला अस्पताल में निर्माणाधीन मैटरनिटी विंग की चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या की है। पिता की ओर से गौरव नामक युवक के खिलाफ तहरीर दी है, मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
-ओपी सिंह, एएसपी