कासगंज। प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परिवार कल्याण एवं मातृ शिशु कल्याण अतुल गर्ग ने जिले में कोरोना महामारी के बीच पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शौचालय बंद मिलने और गंदगी दिखाई देने पर राज्यमंत्री गर्ग ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि अस्पताल को नरक कर दिया है। उन्होंने सीएमओ को शीघ्र व्यवस्थाओं में सुधार लाने के निर्देश दिए।
राज्यमंत्री गर्ग बृहस्पतिवार शाम को कलक्ट्रेट पहुंचे। वहां उन्होंने कोरोना महामारी की व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तार से समीक्षा की। अब तक मिले संक्रमितों, ठीक हुए रोगियों की जानकारी ली। उन्होंने इस संबंध में व्यापक दिशा निर्देश जिला प्रशासन को दिए। इसके बाद वह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अशोक नगर पहुंचे। वहां सभी वार्डों का गहन निरीक्षण किया। गर्भवती महिलाओं के ऑपरेशन के बारे में जानकारी ली।
तो बताया गया कि जिले में कोई सर्जन नहीं है। इस कारण ऑपरेशन के मरीज अलीगढ़ रेफर किए जाते हैं। उन्होंने ओपीडी रजिस्टर को देखा तो 105 मरीज चिकित्सा के लिए पहुंचे। इसी दौरान उनकी नजर बंद शौचालय पर पड़ी। उन्होंने तत्काल इसे खुलवाने के निर्देश दिए। अस्पताल परिसर में गंदगी देख वह भड़क गए।
उन्होंने सीएमओ को व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए। इस दौरान डीएम सीपी सिंह, एसपी सुशील घुले के अलावा सीएमओ डा. प्रतिमा श्रीवास्तव, एडीएम अजय श्रीवास्तव, एसडीएम ललित कुमार, सीओ आरके तिवारी मौजूद रहे।
भाजपा नेताओं ने की मुलाकात
राज्यमंत्री अतुल गर्ग के आगमन पर भाजपा के सदर विधायक देवेंद्र राजपूत, विधायक अमांपुर देवेंद्र प्रताप सिंह, विधायक पटियाली ममतेश शाक्य, जिलाध्यक्ष भाजपा केपी सिंह सोलंकी, महामंत्री राजवीर भल्ला सहित तमाम अन्य भाजपा नेताओं ने उनसे मुलाकात की। राज्यमंत्री ने उनसे कोरोनों की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।
नवाजत शिशुओं को दिए 100-100 रुपये
राज्यमंत्री अतुल गर्ग ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान वार्ड में भर्ती प्रसूताओं के नवजात शिशुओं को सौ-सौ रुपये की नकद धनराशि प्रदान की और बच्चों की माताओं को शुभकामनाएं दीं।