कासगंज। क्वारंटीन सेंटर में संदिग्धों की भीड़ से अव्यवस्था ना हो ऐसे में अब स्वास्थ्य विभाग की टीम सैंपल लेने घर-घर पहुंच रही हैं। मोबाइल यूनिटों को विकासखंडवार जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। बृहस्पतिवार को 100 सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए। जिनके नमूने लिए गए हैं उन संदिग्धों को घरों में क्वारंटीन किया गया है। चेतावनी दी गई है कि यदि कोई भी क्वारंटीन अवधि में घर से बाहर निकला तो मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
बाहर से लौटे प्रवासियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में संक्रमण का खतरा बढ़ा दिया है। इसी के चलते विभाग मोबाइल यूनिट से सैंपलिंग करवा रहा है। आशा और एएनएम के सहयोग से बाहर से आने वाले संदिग्ध प्रवासियों के सैंपल लिए जा रहे हैं। बृहस्पतिवार को कासगंज , सोरों, गंजडुंडवारा क्षेत्र के अलग अलग गांव से 100 लोगों के सैंपल लेकर होमक्वारंटीन कर घर में रहने की हिदायत दी गई।
पंचायती राज विभाग की बढ़ी जिम्मेदारी
संदिग्धों की निगरानी के लिए प्रशासन ने पंचायती राज विभाग की जिम्मेदारी बढ़ा दी है। संबंधित ग्राम पंचायतों को अपने-अपने गांव में होमक्वारंटीन किए गए संदिग्धों पर नजर रखनी है। होम क्वारंटीन का उल्लंघन करने वालों पर मुकदमा कराने का अधिकार भी पंचायती राज विभाग को होगा।
- मेडिकल मोबाइल यूनिट टीमों को गांव गांव भेजा जा रहा है। घर घर पहुंच टीमें सैंपल ले रहीं हैं। जिनके नमूने लिए जा रहे हैं उन्हें होम क्वारंटीन किया जा रहा है।- डॉ. प्रतिमा श्रीवास्तव, सीएमओ।