आगरा जिले में अवैध खनन थम नहीं रहा और न ही पुलिस पर हमले की घटनाएं। फतेहाबाद क्षेत्र के गांव बमरौली में गुरुवार की रात बालू के अवैध खनन की सूचना पर पहुंची पुलिस पर खनन माफिया के गुर्गों ने हमला कर दिया। हमलावर पकड़ा गया ट्रैक्टर पुलिस से छुड़ा ले गए। बाद में फोर्स के पहुंचने पर पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में दो महिलाओं समेत 16 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
थाना फतेहाबाद पुलिस की टीम गुरुवार की रात बरीपुरा में चेकिंग करने गई थी। तभी बालू से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली जाती दिखी। पीआरवी ने उसका पीछा किया, कुछ देर बाद फतेहाबाद पुलिस भी पहुंची। एसआई जितेंद्र गौतम के मुताबिक उन्होंने बमरौली के पास ट्रैक्टर ट्रॉली को रोक लिया। इस पर ट्रैक्टर चालक ने प्रेशर से रेत को सड़क पर फैला दिया। उसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। खनन माफिया के गुर्गे भी लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर लेकर आए थे।
संंबंधित खबर: पुलिसकर्मी को जान से मारने की कोशिश, खनन माफिया के गुर्गों ने चढ़ाया ट्रैक्टर, गंभीर रूप से घायल
ट्रॉली छोड़कर ट्रैक्टर ले गए
आरोप है कि इन लोगों ने हवाई फायरिंग की और ट्रॉली छोड़कर ट्रैक्टर ले भागे। सूचना पर क्षेत्राधिकारी विकास जायसवाल, इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार सर्किल के फोर्स के साथ पहुंचे। इसके बाद फोर्स ने संजय पुत्र विद्याराम, मनीराम पुत्र रेवती प्रसाद, विद्याराम पुत्र आसाराम, ,मंडल सिंह पुत्र रेवती और सतीश पुत्र रेवती सभी निवासी बमरौली थाना फतेहाबाद को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार का कहना है कि अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
ये हुए हैं नामजद
पुलिस टीम पर हमले में गुड्डी देवी पत्नी सोपाली, सोहन कली पत्नी सुरेश चंद्र, विजय पुत्र कल्याण सिंह, रतीराम पुत्र सोपाली, राजू पुत्र सोपाली, सुरेश पुत्र रामजीलाल, हरीश चंद्र पुत्र मूलीराम, कालीचरण पुत्र रामजीलाल, सोपाली पुत्र मोहर सिंह, श्यामलाल पुत्र फतेह सिंह और 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।