अमांपुर। क्षेत्र के ग्राम बनूपुरा रजबहा में अचानक पानी पहुंचने से बनूपुरा व हरथरा के ग्रामीणों की सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न हो गई हैं। जिससे ग्रामीणों में सिंचाई विभाग के खिलाफ रोष है। वहीं ग्रामीणों ने डीएम से क्षति का आकलन कराकर मुआवजा दिए जाने की मांग की है।
रजबहा काफी दिनों से सूखा था। अचानक दो दिन पूर्व पानी आने से पटरी कट गई और क्षेत्र के किसानों की फसलों में पानी भर गया। सैकड़ों बीघा जमीन जलमग्न हो गई। इसकी निकासी नहीं हो पा रही है। बनूपुरा और हरथरा गांव की खड़ी फसलें पानी में डूबी हैं। दोनों गांवों के किसानों पंप सेट आदि से पानी निकालने की कोशिश करते रहे। वहीं मिट्टी आदि डालकर कटी हुई पटरी को बंद किया। ग्रामीणों का कहना है कि सूचना के बाद भी नहर विभाग के कर्मी मौके पर नहीं पहुंचे।
ग्रामीण गोविंद ने कहा कि सबसे अधिक नुकसान आलू, सरसों एवं गेहूं की फसल में हुआ है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि उनकी फसलों के नुकसान का मुआवजा दिलाया जाए। मांग करने वालों में शेलेंद्र, राजकुमार पांडेय, जयप्रकाश, सत्यप्रकाश, रामदत्त, प्रेमचंद, उदयवीर, लाला मुंशी, ग्रीसचंद्र, कोमल, आलोक पांडेय, मोनू गुप्ता, मुलायम सिंह यादव, राकेश यादव, अशोक कुमार, वीपी आदि की फसल पानी में डूब गई। ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग की है।