शब-ए-बरात पर पंचकुइयां चौराहे पर लगे जाम में फंसे बाहन।
- फोटो : संवाद
आगरा। शब-ए -बरात पर डायवर्जन से पहले ही एमजी रोड के हालात खराब रहे। साईं की तकिया से कलेक्ट्रेट तक वाहनों की कतारें लगी रहीं। कुछ मिनटों की दूरी तय करने में आधे घंटे से ज्यादा का समय लगा। वहीं दोपहर 12 बजे के करीब वाहनों की अधिकता से सिकंदरा सब्जी मंडी के पास सर्विस रोड पर लंबा जाम लग गया। इसके साथ ही शहर के पुराने इलाकों में दिनभर वाहन रेंग कर निकले।
शब -ए -बरात को लेकर शाम 4 बजे से एमजी रोड पर सेंट जोंस चौराहे से कलेक्ट्रेट तक सभी वाहनों को प्रतिबंधित किया गया। हाईवे पर भी डायवर्जन लागू किया गया और दिल्ली हाईवे के अबुल उलाह कट पर अकीदतमंदों के आवागमन को देखते हुए पुलिस ने बैरियर लगाकर वाहन धीमी गति से निकाले गए। राहगीरों को इसके चलते काफी परेशानी हुई। सेंट जोंस और कलेक्ट्रेट से लोगों को वैकल्पिक मार्ग से निकलना पड़ा। पुलिस ने सख्ती से नियमों का पालन कराया।
वहीं एमजी रोड पर रोजाना की तरह सुबह 10 बजे से ही जाम के हालात रहे। प्रतापपुरा से कलेक्ट्रेट तक पहुंचने में लोगों को आधे घंटे से ज्यादा का समय लग रहा था। इसके अलावा धाकरान, एसएन मेडिकल चौराहा और सूरसदन से दीवानी तक वाहन रेंग कर निकले। लोहामंडी, शाहगंज, दिल्ली गेट, मदिया कटरा, हरीपर्वत, घटिया चौराहा और बेलनगंज आदि क्षेत्रों में वाहनों की अधिकता से लोगों को आवागमन में मुश्किल हुई। दिल्ली हाईवे पर सिकंदरा सब्जी मंडी पर भारी वाहनों और लोडिंग गाड़ियों के सर्विस रोड पर खड़े होने से दोपहर में वाहनों की लंबी लाइन लग गई। लोग वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने लगे। इसके साथ ही बसों के अवैध रूप से ठहराव के कारण लोगों को काफी परेशानी हुई।